फडणवीस के 80 घंटे के CM बनने पर BJP के अनंत हेगड़े का बड़ा खुलासा, राउत बोले- ये महाराष्ट्र के साथ गद्दारी
महाराष्ट्र के 80 घंटे के सीएम बनने वाले देवेंद्र फडणवीस को लेकर भाजपा के एक सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बड़ा खुलासा किया है। समाचार एजेंसी एएनआइ ने इसकी जानकारी दी है। एएनआइ के मुताबिक, भाजपा नेता अनंत हेगड़े जो रविवार को उत्तरा कन्नड़ में मौजूद थे, उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए ये बताया है कि आखिर किस वजह से महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस को 80 घंटे का मुख्यमंत्री बनाया गया।
महाराष्ट्र में सरकार पर बड़ा खुलासा करते भाजपा सांसद अनंत के हेगड़े ने कहा, 'आप सभी जानते हैं कि महाराष्ट्र में हमारे आदमी(देवेंद्र फडणवीस) 80 घंटे के लिए सीएम बने। फिर उन्होंने(फड़नवीस) ने इस्तीफा दे दिया। क्या उन्होंने नाटक किया ? क्या हमें नहीं पता था कि हमारे पास बहुमत नहीं है और फिर भी वह मुख्यमंत्री बने। यह सवाल हर कोई पूछ रहा है।'
इसके बाद उन्होंने सबसे बड़ा खुलासा करते हुए वह वजह बताई जिस कारण फडणवीस को 80 घंटे का सीएम बनाया गया। उन्होंने बताया, 'एक सीएम की केंद्र से लगभग 40,000 करोड़ रुपए तक पहुंच होती है। उन्हें पता था कि अगर कांग्रेस-एनसीपी-शिवसेना(महा विकास अघाड़ी) सरकार सत्ता में आती है तो वह विकास के लिए इस राशि का दुरुपयोग करेगी। इसलिए यह तय किया गया कि एक ड्रामा होना चाहिए। फडणवीस सीएम बने और 15 घंटे में वह 40,000 करोड़ रुपए वापस केंद्र में वापस ले गए।'
संजय राउत का हमला
अनंत हेगड़े के चौंकाने वाले खुलासे पर शिवसेना की ओर से संजय राउत ने फडमवीस पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'अनंत हेगड़े ने कहा है कि महाराष्ट्र के 40 हजार करोड़ को केंद्र तक वापस लौटाने के लिए फडणवीस को 80 घंटे का सीएम बनाया गया। यह महाराष्ट्र के साथ गद्दारी है
महाराष्ट्र में 23 नवंबर की सुबह अचानक देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर सबको चौंका दिया था। फडणवीस करीब 80 घंटे तक मुख्यमंत्री पद पर रहे और फिर बहुमत परीक्षण से एक दिन पहले उन्होंने अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया। इसके बाद से ही सभी के मन में इसको लेकर सवाल है कि आखिर वह इतने कम समय के लिए सीएम क्यों बने। हालांकि भाजपा सांसद अनंत हेगड़े के इस बयान पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया किसी भी पार्टी या नेता की ओर से नहीं आई है।