Mardaani 2 Box Office Collection Day 6: मर्दानी 2 की रफ़्तार पर दबंग 3 लगाएगी ब्रेक? जानिए अब तक की कमाई
पहले हफ़्ते में तो रानी मुखर्जी की फ़िल्म मर्दानी 2 का सफ़र ठीकठाक चल रहा है, मगर दूसरे हफ़्ते में मर्दानी 2 के सामने दबंग 3 की महाचुनौती होगी। सलमान ख़ान की इस फ़िल्म के आने से बॉक्स ऑफ़िस पर बड़े उतार-चढ़ाव की सम्भावना है। इसका सबसे अधिक असर मर्दानी 2 पर ही पड़ेगा, जो पिछले हफ़्ते ही रिलीज़ हुई है। आइए, जान लेते हैं कि रिलीज़ के 6 दिनों में मर्दानी ने कितना कलेक्शन किया है।
ट्रेड जानकारों का अनुमान है कि मर्दानी 2 ने बुधवार को लगभग 2 करोड़ जमा किये थे। इससे पहले मर्दानी 2 पांच दिनों में 23.65 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी थी। बुधवार की कमाई मिलाकर मर्दानी 2 की 6 दिनों के कलेक्शंस 25 करोड़ के पार हो चुके हैं। 13 दिसम्बर को आयी मर्दानी 2 ने 3.80 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि शनिवार को 6.55 करोड़ और रविवार को 7.80 करोड़ जुटाए। सोमवार को फ़िल्म ने 2.85 करोड़ और 2.65 करोड़ का कलेक्शन किया था।
मर्दानी 2 जिस रफ़्तार से चल रही है, उसके मद्देनज़र माना जा रहा है कि फ़िल्म पहले हफ़्ते में 27-28 करोड़ का कलेक्शन तो कर ही लेगी, मगर इसके बाद राह थोड़ा मुश्किल नज़र आ रही है। शुक्रवार (20 दिसम्बर) को सलमान ख़ान की बहुप्रतीक्षित फ़िल्म दबंग 3 सिनेमाघरों में पहुंच जाएगी।
सलमान ख़ान की स्टारडम और दबंग सीरीज़ की लोकप्रियता को देखते हुए माना जा रहा है कि फ़िल्म बड़े पैमाने पर दर्शक खींचेगी। ख़ासकर सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरोे में दबंग 3 का जलवा रहेगा। हालांकि मल्टीप्लेक्सेज़ में मर्दानी 2 को ठकीठाक दर्शक मिल सकते हैं।