दुबई में खुलेगा दुनिया का सबसे ऊंचा ऑब्जर्वेशन व्हील, लंदन आई की ऊंचाई से होगा दोगुना
संयुक्त अरब अमीरात के सबसे बड़े शहर दुबई में दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे ऊंचा ऑब्जर्वेशन व्हील खुलने जा रहा है। इसकी ऊंचाई लंदन आई से लगभग दोगुनी होगी। ऐन दुबई ऑब्जर्वेशन व्हील 38 मिनट में एक चक्कर लगाएगा।
दुबई, पीटीआइ। दुबई दुनियाभर में अपने आकर्षणों के लिए मशहूर है। बुर्ज खलीफा और डीप डाइव दुबई के बाद संयुक्त अरब अमीरात के सबसे बड़े शहर में अब दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे ऊंचा ऑब्जर्वेशन व्हील खुलने जा रहा है। 21 अक्टूबर को इसे लोगों के लिए खोला जाएगा। ऑब्जर्वेशन व्हील 38 मिनट में एक चक्कर और लगभग 76 मिनट में दो चक्कर लगाएगा।
गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, लंदन आई की ऊंचाई से लगभग दोगुना ऑब्जर्वेशन व्हील आगंतुकों को 250 मीटर की ऊंचाई तक ले जाएगा, जहां से वे दुबई केमनमोहक दृश्य का आनंद ले सकेंगे। ऐन दुबई ब्लूवाटर्स द्वीप पर स्थित है और दुबई के विश्व रिकॉर्ड तोड़ने वाले आकर्षणों की लंबी सूची में शामिल होने के लिए पूकरी तरह से तैयार है।
ऐन दुबई में आकाश में भोजन करने की सुविधा के साथ-साथ लोगों को 19 तरह के विशेष पैकेज भी मिलेंगे। इसके तहत जन्मदिन, सगाई, शादियों और व्यावसायिक कार्यों के लिए उत्सव पैकेज भी उपलब्ध होंगे। लोग अपनी सुविधा के अनुसार पैकेज ले सकते हैं। इसके साथ ही इसमें निजी केबिन की भी सुविधा दी गई है। निजी केबिनों को वीआइपी मेहमानों की सुविधा के अनुसार बदला जा सकता है।
दुबई होल्डिंग एंटरटेनमेंट के मुख्य परिचालन अधिकारी मोहम्मद शराफ ने कहा कि ऐन दुबई ऑब्जर्वेशन व्हील दुबई द्वारा विकसित कई नवीन पहलों में से एक है, जो दुबई को एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल के रूप में वैश्विक ऊचाइयों को प्रप्त करने में मदद करेगा। शराफ ने कहा, 'ऑब्जर्वेशन व्हील को संयुक्त अरब अमीरात के 50वें वर्ष के दौरान खोला जाएगा।
हाल ही में दुबई ने दुनिया का सबसे गहरा स्विमिंग पूल बनाकर तैयार किया है। डीप डाइव दुबई (Deep Dive Dubai) नाद अल शेबा एरिया में बनाया गया है। इसकी गहराई रिकॉर्ड 60 मीटर (लगभग 200 फीट) है, जो ओलंपिक साइज के छह स्विमिंग पूल्स के बराबर है। इसमें 1 करोड़ 40 लाख लीटर पानी आता है।